संसद परिसर में हुए हालिया विरोध प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ उत्तराखंड से भी कार्रवाई की मांग उठ रही है। चंपावत में सामाजिक कार्यकर्ता राजेश बिष्ट ने पुलिस को तहरीर देकर राहुल गांधी, सांसद पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि संसद परिसर के मकर द्वार के बाहर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कथित नाटक (स्किट) का मंचन किया गया, जिसमें कुछ लोगों ने साधु-संतों की वेशभूषा धारण की और मंदिर की दान-पेटी जैसी प्रतीत होने वाली वस्तु (प्रॉप) का उपयोग किया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस मंचन के माध्यम से हिंदू धर्म की आस्था, साधु-संतों के सम्मान तथा श्रीराम मंदिर एवं मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले दान की परंपरा का अपमान किया गया। शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में वैमनस्य फैलाने का सुनियोजित प्रयास बताया है।
शिकायतकर्ता राजेश बिष्ट इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, धारा 196 और धारा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस प्रशासन को दी गई इस तहरीर के बाद से राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर हलचल काफी तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन आगे क्या कानूनी कदम उठाता है और इस पर राजनीतिक दलों की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
