CM पुष्कर सिंह धामी की दिल्ली में NCC के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स से मुलाकात
नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों में एनसीसी के विस्तार और संगठन की आधुनिक एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को एनसीसी से जोड़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास होगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।
बैठक के दौरान एनसीसी की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने, प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक बनाने तथा उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और एनसीसी के बीच बेहतर समन्वय से उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जुड़ने का अवसर मिलेगा और सीमांत क्षेत्रों में एनसीसी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
