दिल्ली-NCR की भागदौड़ भरी जिंदगी और चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए अगर कोई सबसे नजदीकी और खूबसूरत हिल स्टेशन है, तो वह है नैनीताल। हर साल हजारों लोग यही सवाल पूछते हैं दिल्ली से नैनीताल कितने समय में घूमकर आ सकते हैं? इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितने दिनों का प्लान बना रहे हैं और किस तरह की यात्रा चाहते हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि आप नैनीताल को कम से कम 2 दिन से लेकर 4 दिन में आराम से घूम सकते हैं।
🚗 दिल्ली से नैनीताल की दूरी और समय
दिल्ली से नैनीताल की दूरी लगभग 300 किलोमीटर है।
- कार से: 6 से 7 घंटे
- ट्रेन + टैक्सी: 7 से 9 घंटे
- बस: 8 से 9 घंटे
अगर आप सुबह जल्दी निकलते हैं, तो दोपहर तक नैनीताल पहुंच सकते हैं और उसी दिन से घूमना शुरू कर सकते हैं।
🗓️ नैनीताल का 2 दिन का क्विक ट्रिप प्लान (Nainital two days trip Plan)
अगर आपके पास समय कम है, तो 2 दिन में भी नैनीताल का अच्छा अनुभव लिया जा सकता है।
Day 1: नैनीताल में पहले दिन घूमने का प्लान
- सुबह दिल्ली से जल्दी रवाना
- सुबह 3 से 4 बजे दिल्ली या नोएडा से चलें तो 9 से 10 बजे तक नैनीतााल पहुंच जाएंगे
- समय बचाने के लिए रास्ते में एक या दो जगह रुके
- इसके बाद होटल में चेक-इन, हर होटल में अर्ली चेक-इन की सुविधा होती है
- नैनी झील में बोटिंग (प्रत्येक बोट के 500 रुपये चार्ज होता है) एक बोट में अधिकतम चार्ज व्यस्क और 2 से 3 छोटे बच्चे बैठ सकते हैं। इस तरह से आप एक बोट में बैठकर नैनीझील की सैर कर सकते हैं।
- नैनीझील की करें सैर

नैना देवी मंदिर के दर्शन
- नैना देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। मान्यता है कि जब माता सती के शरीर के अंग पृथ्वी पर गिरे थे, तब इस स्थान पर उनकी आंखें (नयन) गिरी थीं। इसी कारण इस स्थान का नाम नैना देवी पड़ा और शहर का नाम भी नैनीताल (नैनी + ताल) पड़ा। आप दोपहर के समय नैना देवी मंदिर को देखने के लिए जा सकते हैं।

नैनीताल के मॉल रोड पर शाम की सैर
शाम के समय आप मॉल रोड की सैर जरूर करें। नैनीताल का मॉल रोड सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि इस हिल स्टेशन की धड़कन है, खासतौर पर शाम के समय। जैसे ही सूरज ढलता है और पहाड़ों पर हल्की ठंडक घुलने लगती है, मॉल रोड की रौनक अपने चरम पर पहुंच जाती है।

कुल मिलाकर, नैनीताल के मॉल रोड की शाम एक ऐसा अनुभव है, जो हर यात्री के दिल में बस जाता है। यह जगह सिर्फ घूमने के लिए नहीं, बल्कि महसूस करने के लिए है—जहां हर कदम पर पहाड़ों की ठंडक, झील की शांति और जिंदगी की रौनक एक साथ महसूस होती है।

- मॉल रोड की सैर के बाद नैनीताल का अनुभव तब और खास हो जाता है, जब आप यहां के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हैं। ठंडी पहाड़ी हवा में घूमने के बाद भूख भी खुलकर लगती है और ऐसे में गरमा-गरम खाने का मजा दोगुना हो जाता है।
- मॉल रोड के आसपास कई छोटे-बड़े रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल हैं, जहां आप स्थानीय और पसंदीदा व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। गर्मागर्म मोमोज, मैगी, सूप, चाय और कॉफी के साथ-साथ कुमाऊंनी स्वाद भी यहां आसानी से मिल जाता है। कुछ जगहों पर भट्ट की चुड़कानी, आलू के गुटके और झोली-भात जैसे पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाते हैं, जो इस यात्रा को और यादगार बना देते हैं।
Day 2: नैनीताल में दूसरे दिन घूमने का प्लान
टिफिन टॉप या चिड़ियाघर
नैनीताल में आप अपने दूसरे दिन की शुरुआत जल्दी उठने से करें, जितना जल्द उठेगे उतना ही आप ज्यादा से ज्यादा जगह घूम पाएंगे।
नैनीताल में दूसरे दिन आपको सबसे पहले चिड़ियाघर जरूर देखना चाहिए। मॉल रोड के पास से ही चिड़ियाघर तक बसें चलती हैं, जिसमें प्रत्येक सवारी के 80 रुपये लिए जाते हैं। चिड़ियाघर दरअसल काफी ऊंचाई पर है इसलिए वहां अपने वाहन को ले जाना एवॉयड करें, साथ ही वहां भीड़ भी बहुत ज्यादा होगी और आप ऊपर तक वाहन ले भी नहीं जा सकते हैं। यहां का चिड़ियाघर काफी खूबसूरत है जिसमें तेंदुए, हिरण, बाघ समेत दूसरे कई तरह के वन्य जीव हैं। नैनीताल के चिड़ियाघर में प्रत्येक व्यक्ति के घूमने का चार्ज इस समय 150 रुपये है।

- इसके बाद अब स्नो व्यू प्वाइंट जा सकते हैं, जहां से हिमालय की पीक दिखती है। ये काफी रोमांचक रहता है। यहां पर दूरबीन से आप हिमालय की चोटियों को देख सकते हैं ( यहां केबल कार की भी सुविधा है)
- इसके बाद आप केव गार्डन देखने जा सकते हैं। केव गार्डन में पुरानी पैंथर की गुफाएं हैं जो अपने आप में बेहद ही खूबसूरत है।
- ये सब देखने के बाद आप दोपहर बाद वापसी कर सकते हैं। इस तरह से आप दो दिन में लगभग पूरा नैनीताल घूम सकते हैं। जिसमें आपको सिर्फ एक दिन होटल लेना होगा। क्योंकि दूसरे दिन आपको सिर्फ नैनीताल के पर्यटक स्थल देखने हैं फिर होटल लेने की कोई जरुरत नहीं नहीं।

अगर आप जल्दी में हैं तो 2 दिन में नैनीताल घूम सकते हैं, लेकिन असली मजा लेने के लिए 3 दिन का ट्रिप सबसे सही है। वहीं अगर आप बिना किसी जल्दबाजी के पहाड़ों की खूबसूरती को महसूस करना चाहते हैं, तो 4 दिन का प्लान बनाना बेहतर रहेगा।
नैनीताल सिर्फ एक ट्रिप नहीं, बल्कि एक अनुभव है, जहां ठंडी हवा, शांत झील और पहाड़ों की खूबसूरती आपके मन को सुकून देती है। दिल्ली की गर्मी से बचने का इससे बेहतर और नजदीकी विकल्प शायद ही कोई और हो।
