मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं की समीक्षा
देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी एवं सौंग बांध परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि दोनों परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
समयबद्ध निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया और फ्लो चार्ट पर जोर
मुख्य सचिव ने जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि समयबद्ध निर्माण के लिए यह आवश्यक है कि सभी निविदा प्रक्रियाएं एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरी परियोजना का विस्तृत फ्लो चार्ट तैयार किया जाए और प्रत्येक चरण को निर्धारित समय के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
गुणवत्ता नियंत्रण और मूल्यांकन को लेकर सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फर्स्ट पार्टी, सेकेंड पार्टी और थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया नियमित रूप से कराई जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
पुनर्वास और मुआवजा कार्यों में संवेदनशीलता और संवाद आवश्यक
मुख्य सचिव ने परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों को समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को मुआवजा, पुनर्वास और आवंटन का कार्य आपसी तालमेल और विश्वास के साथ किया जाए। इसके लिए निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं की लागत और समयसीमा
इस अवसर पर सचिव सिंचाई श्री युगल किशोर पंत ने बताया कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना की कुल लागत 3678.23 करोड़ रुपये है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण किया जाना है। वहीं सौंग बांध परियोजना 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता की गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी कुल लागत 2524.42 करोड़ रुपये है और इसका निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूरा किया जाएगा।
