दिल्ली: राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (रि) से आचार्य डॉ. लोकेश मुनि की शिष्टाचार भेंट
दिल्ली: उत्तराखंड के राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (रि) ने नई दिल्ली में अंहिसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केन्द्र के संस्थापक आचार्य डॉ. लोकेश मुनि शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्व शांति, सद्भाव, अहिंसा और मानवीय मूल्यों से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
करुणा और अहिंसा ही वैश्विक शांति का मार्ग
इस भेंट के दौरान समाज और विश्व स्तर पर शांति, सह-अस्तित्व और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। बढ़ती हिंसा, असहिष्णुता और वैचारिक टकराव के बीच अहिंसा और करुणा के मार्ग को अपनाने पर विचार साझा किए गए।
व्यक्ति निर्माण से समाज में समरसता का विस्तार
राज्यपाल ने कहा कि आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी के विचार करुणा, संयम और नैतिक चेतना से ओतप्रोत हैं। उनके विचार व्यक्ति को भीतर से समृद्ध करते हुए समाज को शांति, सद्भाव और समरसता के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।
मानवीय मूल्यों पर आधारित संवाद से ही संभव है विश्व शांति
मुलाकात के दौरान इस बात पर सहमति जताई गई कि मानवीय मूल्यों पर आधारित संवाद, आपसी सम्मान और सहिष्णुता ही विश्व शांति की दिशा में प्रभावी और स्थायी समाधान प्रदान कर सकते हैं।
