देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, सत्यापन अभियान, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सड़कों की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त हों सभी सड़कें
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में गड्ढामुक्त सड़क अभियान शुरू किया जाए। सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, समिति गठित करें और नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 अक्टूबर तक किसी भी स्थिति में राज्य की सभी सड़कें गड्ढामुक्त होनी चाहिए।
मानसून में आपदा प्रबंधन रहे अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। सभी अधिकारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें और किसी भी स्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। उन्होंने कहा कि सड़क क्षति, भूस्खलन, जलभराव और ड्रेनेज से जुड़ी समस्याओं का विस्तृत सर्वे कराया जाए, ताकि मानसून समाप्त होने के बाद मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जा सकें।
‘जन-जन के द्वार’ अभियान में लाई जाए तेजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के बाद ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को और गति दी जाए। जिन गांवों और क्षेत्रों में अभी तक शिविर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
सत्यापन अभियान और हेल्पलाइन की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं में चल रहे सत्यापन अभियान में तेजी लाने को कहा, ताकि अपात्र लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके और योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।
पीएमजीएसवाई सड़कों का होगा आकलन
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पांच वर्ष से अधिक पुरानी और जर्जर सड़कों की पहचान कर उनके डामरीकरण और सुधार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर इन सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता और नशा विरोधी अभियान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान तेज करने, अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को कृषि, बागवानी और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ेगा और उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
