उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान सीएम धामी ने धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए पूरे क्षेत्र में हुए नुकसान और मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली।
इसके साथ ही सीएम धामी ने उत्तरकाशी स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं सेना के प्रतिनिधियों से स्थिति की वस्तुनिष्ठ जानकारी प्राप्त की और उन्हें राहत कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि क्षेत्र में रेस्क्यू एवं मेडिकल कैंप्स की स्थापना कर दी गई है और प्रभावितों के लिए भोजन एवं आवश्यक सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारम्भ कर दिए गए हैं। भारतीय वायुसेना के चिनूक व एमआई-17 हेलीकॉप्टर पूरी तरह से तैयार स्थिति में हैं, ताकि आवश्यकतानुसार शीघ्रतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राहत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रभावित नागरिक तक सहायता पहुँचाने हेतु कटिबद्ध है।
