भीमताल (नैनीताल): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भीमताल में आयोजित झील सौंदर्यीकरण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भीमताल झील के आसपास पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से प्रकृति को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल उसकी खूबसूरत वादियों और पर्वतों से नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति यहां के लोगों के गहरे लगाव से भी है। हमारी संस्कृति, परंपराएं और लोक जीवन हमेशा से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते आए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद दिलाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में हम सभी का कर्तव्य है कि पेड़-पौधों, जल स्रोतों, नदियों और जंगलों की रक्षा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जिले की झीलें विश्वभर में प्रसिद्ध हैं और हर साल लाखों पर्यटक यहां आते हैं। इन झीलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारे फूलों और छायादार पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने लोगों से इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम पर बोगनबेलिया का पौधा लगाया। वहीं शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता रेवती देवी की स्मृति में पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य वन संरक्षक तेजस्विनी अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी समेत कई अधिकारियों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण तभी सफल होगा जब हम लगाए गए पौधों की देखभाल भी करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से नदियों, झीलों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
