
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्यों में तेजी लाने और सीवर तथा पेयजल पाइपलाइन से संबंधित अधूरे कार्य एक नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इन कार्यों के पूरा होने के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को न्याय और राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए वह स्वयं भी सड़क मार्ग से प्रदेश का भ्रमण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी लापरवाही, गुणवत्ताविहीन कार्य या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा सभी संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने, दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिम्मेदारी से कार्य करने की अपेक्षा की।
