
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास, सचिव रिया छावड़ी, संयुक्त सचिव लक्ष्य राज सिंह और प्रांत संगठन मंत्री विपिन उनियाल ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी छात्रहितों के संरक्षण और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ युवाओं को अपनी बात रखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। विद्यार्थियों की समस्याओं को समझना, उनके हितों के लिए प्रयास करना और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना छात्र प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे तथा विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला है। युवाओं की ऊर्जा, विचार और नेतृत्व क्षमता देश के भविष्य को दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि DUSU के नवनिर्वाचित पदाधिकारी छात्रहितों के साथ-साथ युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में भी योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि उनका कार्यकाल विद्यार्थियों के हितों को आगे बढ़ाने तथा सकारात्मक पहल करने वाला साबित होगा।
