खटीमा में क्रिकेट खेलते समय बल्ले से शॉट्स लगाते सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिरिया मझोला, खटीमा में आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले में उजालिकोट टनकपुर ने हासिल की जीत
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नगला तराई, खटीमा और उजालिकोट, टनकपुर के बीच खेला गया, जिसमें उजालिकोट टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
खेल केवल मनोरंजन नहीं, उज्ज्वल भविष्य का माध्यम: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के विश्व विजेता बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो सफलता अवश्य मिलती है। खेल अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं।
खेल से अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से खेलों के ढांचागत विकास को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतना गर्व का विषय है और देवभूमि अब खेल भूमि के रूप में पहचान बना रही है।
