खटीमा महाविद्यालय में विंटर कार्निवाल का शुभारम्भ करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी”
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया और छात्र संघ के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भजन क्लंबिंग सनातन संस्कृति और युवा चेतना का संगम: मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत सराहनीय पहल है। यह आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा चेतना के संगम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन यह दर्शाते हैं कि आज का युवा वर्ग आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी मजबूती से जुड़ा हुआ है।
खटीमा केवल विधानसभा नहीं, मेरी कर्मभूमि और पहचान है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम का संचालन किया है, वही भविष्य में राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि उनका घर, कर्मभूमि और पहचान है। यहीं से उन्होंने जनसेवा की पहली सीढ़ी चढ़ी और यही कारण है कि खटीमा की हर गली और हर गांव उनके दिल के बेहद करीब है।
खटीमा में बुनियादी ढांचे और विकास को मिली नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए हैं। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर में पुल, सड़कों के नेटवर्क का विस्तार, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम का निर्माण इसके उदाहरण हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड के नए अस्पताल परिसर का निर्माण किया गया है। विद्यार्थियों के लिए “साथी केंद्र” की स्थापना, औद्योगिक विकास के लिए सिडकुल, खटीमा-टनकपुर के बीच प्रस्तावित सैन्य स्मारक और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना, एम्स के सेटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के माध्यम से पूरे तराई क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जा रही है।
