देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाएं केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि अगले 25 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की योजनाएं ऐसी हों जो भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी ‘बेस्ट प्रैक्टिस’ का उदाहरण बनें।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जून 2026 की पेंशन राशि डीबीटी (वन क्लिक) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान 9,80,950 लाभार्थियों को ₹145 करोड़ 42 लाख की पेंशन राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई।
अक्टूबर तक पूरे होंगे तीन छात्रावास
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए बनाए जा रहे तीन छात्रावासों का निर्माण हर हाल में अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाए। इनमें शामिल हैं—
- बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, डोईवाला (देहरादून)
- बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, पाइनस (नैनीताल)
- बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास, सोमेश्वर (अल्मोड़ा)
उन्होंने कहा कि इन छात्रावासों के तैयार होने से विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
60 वर्ष पूरे होते ही मिले वृद्धावस्था पेंशन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही स्वतः वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें अलग से अनावश्यक प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े और समय पर पेंशन उपलब्ध हो सके।
योजनाओं के इंटीग्रेशन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का बेहतर इंटीग्रेशन किया जाए, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग हो और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
सामाजिक सुरक्षा को बताया सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था तैयार करना है जो आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है, और सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही है।
