देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने उनके कार्यालय को पत्र भेजकर अपनी समस्या बताने वाले फरियादियों से फोन पर बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने फरियादियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और पूछा कि उनकी समस्या के समाधान करने में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने किस तरह से काम किया।
मुख्यमंत्री ने मेजर नरेश कुमार सकलानी से भी बातचीत की। मेजर सकलानी की ओर से भेजे गए पत्र में उनकी भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण कर लघु सिंचाई नहर बनाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि इस संबंध में देहरादून के डीएम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। देहरादून के कैनाल रोड निवासी धीरेंद्र शुक्ला ने बिल्डर के खिलाफ परेशान करने के दृष्टिगत शिकायती पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा था। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि एमडीडीए को इस प्रकरण की जांच कराने के लिए कहा गया है।
इसी तरह विकासनगर के दिनकर विहार निवासी विशन दत्त शर्मा की सड़क से संबंधित शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के सचिव को कार्रवाई के निर्देश दिए। अन्य फरियादियों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। समस्याओं के निराकरण को लेकर सरकार की संजीदगी की सभी ने सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता के पत्र सिर्फ कागज नहीं, बल्कि उम्मीद और विश्वास का प्रतिबिंब होते हैं। ऐसे ही कुछ शिकायती पत्र पढ़ने के बाद मैंने संबंधित शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर बात की। साथ ही अधिकारियों को समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। समाधान ही हमारी सरकार की कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान है।
