
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में विमान में सवार ज्यादातर यात्रियों की मौत हो गई। गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे।
विमान हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री धामी ने एक्स पर लिखा कि अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में कई यात्रियों के असमय निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस हृदय विदारक हादसे में दिवंगत यात्रियों, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों एवं क्रू मेंबर्स के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।
हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। रूपाणी भी इसी विमान में सवार थे।
प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं।
हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी, उड़ान के करीब 2 मिनट बाद ये क्रैश हो गई।