काशीपुर नगर निगम में रंगोत्सव होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
काशीपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं भजन गायन के साथ जनसमूह के बीच होली गायन में भी प्रतिभाग किया।
“होली प्रेम और भाईचारे का पर्व”: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें होली महोत्सव के माध्यम से काशीपुर के नागरिकों के बीच आकर इस पावन पर्व को मनाने का अवसर मिला। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए काशीपुर नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि माताएँ, बहनें, युवा और सभी नागरिक बढ़-चढ़कर इस पर्व में भाग ले रहे हैं।
बाल्यकाल की होली की यादें कीं साझा
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि वे इस पर्व का बेसब्री से इंतजार किया करते थे। उन्होंने कहा कि गाँव की सामूहिक होली में न ऊँच-नीच का भेद होता था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। ढोल-दमाऊँ और हुड़के की थाप पर गूंजते लोकगीत पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर देते थे।
उन्होंने कहा कि आज भी ऐसे आयोजनों में वही अटूट एकता और आपसी प्रेम देखकर मन प्रफुल्लित हो जाता है। यह इस बात का प्रमाण है कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें आज भी गहरी हैं और नई पीढ़ी तक निरंतर पहुँच रही हैं।
संस्कृति हमारी पहचान है
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्व और उत्सव केवल परंपराएँ नहीं, बल्कि हमारी पहचान हैं। सरकार देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए “विकल्प रहित संकल्प” के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की ओर आकर्षित हो रहा है। ऐसे समय में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि हम अपनी लोकसंस्कृति को जीवन का हिस्सा बनाएं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहें और अपनी परंपराओं पर गर्व करें।
काशीपुर के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मूलभूत सुविधाओं के मामले में काशीपुर किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा।
