चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली जिले के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सड़क और पुल परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांज-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा लौह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार तथा नंदानगर क्षेत्र की पर्वतीय नहरों के पुनरोद्धार जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा कई बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय, डायट गौचर अनुरक्षण, सामुदायिक भवन और पार्किंग निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
लोकार्पित योजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण, कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, जिला चिकित्सालय और स्वास्थ्य इकाइयों में नई सुविधाएं, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष शामिल हैं। इसके अलावा ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर खेल स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन तथा कई सड़क अपग्रेडेशन परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।
आधारभूत सुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, पशुपालन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है, ताकि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
