चमोली: उत्तराखंड विधानसभा सत्र भराड़ीसैंण में आयोजित हो रहा है। सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने जबरदस्त हंगामा किया। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई है। कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के विरोध के चलते लगातार कार्यवाही स्थगित की गई। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी नेताओं ने सचिव की टेबल पलटने की कोशिश की। साथ ही माइक तोड़ दिया। कांग्रेस विधायकों ने वेल में कागज तक लहराए।
इतना ही नहीं कांग्रेस विधायकों ने कार्यसूची फाड़ी और सदन में उछाल दी। इसके बाद वे वेल में धरने पर बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ये बेहद दुखद है। सदन के अंदर सचिव के टेबल, माइक और टेबलेट को तोड़ देना ठीक नहीं है।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विपक्ष हताश है और उसी हताशा में ये सब कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विपक्ष सिर्फ राजनीति करने का मौका देख रहा है और उसी वजह से वो किसी ना किसी बहाने बेवजह ही हंगामा कर रहा है।
हालांकि सदन शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, खुद मुख्यमंत्री धामी के साथ नजर आए थे। जिससे लगा कि विपक्ष सदन में पूरा सहयोग करेगा। मगर सदन शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने तेवर दिखाने शुरू कर दिये।
इतना ही नहीं कांग्रेस विधायकों ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए विधानसभा के बाहर भी हंगामा किया।
