खटीमा में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 15 वाहनों को संचालन के लिए रवाना किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इनमें नेस्ले इंडिया द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों के साथ जनभागीदारी तथा कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
ग्राम पंचायतों में विकसित होगा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा।
इस मॉडल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्वच्छता गतिविधियों को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जाए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश सासनी ने जिले में कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
