देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के मालाग्राम, यमकेश्वर में आयोजित पहले धन्वंतरि महोत्सव के वर्चुअल रूप से संबोधित किया। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र भारतीय परंपरा है जो हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से संतुलित बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद वास्तव में मानवता को मिला एक अनमोल उपहार है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को योग और आयुर्वेद की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश में 300 आरोग्य मंदिरों की स्थापना की जा रही है। प्रत्येक जनपद में 50 बेड के आयुष चिकित्सालय बनाए जा रहे हैं। औषधीय पौधों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नई आयुष नीति लागू की गई है। साथ ही प्रदेशभर में नए आयुष एवं वेलनेस केंद्रों की भी स्थापना की जा रही है।
