गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी उत्तराखंड के दौरे पर हैं। इस दौरान अनिल बलूनी केदारनाथ विधानसभा के आपदाग्रस्त क्षेत्र छेनागाड़ बाजार (ऊखीमठ ब्लॉक) का निरीक्षण किया। बलूनी ने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

यहां भीषण अतिवृष्टि से छेनागाड़ बाजार की कई दुकानें, आवासीय क्षेत्र और जन सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। बलूनी ने कहा कि संकट की घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार हर क्षण जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी समस्याओं को शीघ्र-अतिशीघ्र निदान करने के लिए तत्पर है।
सांसद बलूनी ने प्राशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावितों के राशन और रहने की व्यवस्था करने के साथ-साथ शीघ्र ही बिजली, पानी, सड़कें जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। साथ ही नुकसान की पूरी समीक्षा कर एक विस्तृत रिपोर्ट बनाने के भी निर्देश दिए।
उधर आपदाग्रस्त क्षेत्र छेनागाड़ बाजार (ऊखीमठ ब्लॉक) जाते समय बांसवाड़ा में भूस्खलन के कारण केदारनाथ हाईवे पर जाम लगा था। जिसमे एक एम्बुलेंस भी फंस गई थी। बलूनी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात कर सड़क से मलबे को तुरंत हटाने के लिए JCB मंगवाई। JCB मशीन से तुरंत मलबा हटाया गया।

काफी मशक्कत के बाद हाईवे को आवागमन के लिए खोल दिया गया। जिससे एंबुलेंस रवाना हुई और राहगीरों ने भी राहत की सांस ली।
