गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी केदारनाथ विधानसभा के आपदाग्रस्त क्षेत्र छेनागाड़ बाजार जा रहे थे। वे आगे बढ़ ही रहे थे कि रास्ते में जाम लगा मिल गया। बांसवाड़ा में भूस्खलन के कारण केदारनाथ हाईवे पर जाम लगा हुआ था। लोग काफी समय से फंसे हुए थे।
तभी अनिल बलूनी की नजर एक एंबुलेंस पर भी पड़ी। एंबुलेंस भी काफी समय से इस जाम की वजह से फंसी हुई थी। बलूनी अपने काफिले की गाड़ियों से नीचे उतरे और अधिकारियों को निर्देश दिए कि फौरन जेसीबी मंगवाकर जाम खुलवाया जाए। काफी मशक्कत के बाद हाईवे को आवागमन के लिए खोला गया जिससे एम्बुलेंस सहित जाम में फंसे आम लोगों को राहत मिली और वे गंतव्य स्थान के लिए रवाना हुए। सभी ने इसके लिए अनिल बलूनी का आभार जताया।

इस घटना का जिक्र करते हुए अनिल बलूनी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि मैं JCB ड्राइवर की बहादुरी, सेवाभाव और कार्यक्षमता को देख कर आश्चर्यचकित था कि किस कुशलता से उसने भूस्खलन के मलबे को मार्ग से हटाया। इस कार्यकुशलता के लिए बलूनी ने जेसीबी ड्राइवर को सम्मानित भी किया।


