देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की विशेष बैठक के दौरान अधिकारियों को कृषि बीमा योजनाओं से संबंधित बीमा क्लेम और ऋण देने की प्रक्रियाओं को सरल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, यह भी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य का ऋण जमा अनुपात बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए। अधिकारियों को अक्टूबर में सभी जनपदों में बड़े स्तर पर कैम्प लगाने हेतु भी निर्देशित किया।
सीएम धामी ने कहा कि सीएससी केंद्रों के माध्यम से अब वे तमाम सुविधाएं जो पहले केवल शहरों तक सीमित थीं, आज देश के सुदूरवर्ती गाँवों तक भी पहुँच रही हैं, जिससे ग्रामीणों को अपने घर के पास ही डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलने लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में CSC सेंटर लोगों के लिए एक वरदान हैं। अब यूसीसी पंजीकरण, पासपोर्ट, पेंशन और प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं ग्रामीण नागरिकों को घर के पास ही उपलब्ध हो रही हैं। इन सेंटरों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
इस अवसर पर सीएससी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को CSC वी.एल.ई पुरस्कार से भी सम्मानित किया।
