देहरादून: उत्तराखंड के 12 जिलों में होने जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों ने धार देनी शुरू कर दी है। देहरादून में बीजेपी संगठन की बैठक में त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर मंथन हुआ। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बैठक के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत भाजपा की आगामी योजनाओं, जनसंपर्क अभियानों और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं का उत्साह, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनता से जुड़ाव ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। हम सभी मिलकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री मोदी के विज़न को साकार करने और उत्तराखंड को एक सशक्त एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
