सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को फ्लैग ऑफ किया
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में समर्पण सोसाइटी फॉर हेल्थ रिसर्च एंड डेवलपमेंट द्वारा देहरादून में बाल विवाह की रोकथाम के लिए संचालित ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जन-जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए इस पहल की सराहना की।
जन-जागरूकता अभियान के रूप में कार्य करेगा मुक्ति रथ: CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रथ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान के रूप में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्य दूरस्थ, ग्रामीण एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों तक पहुँच बनाकर बाल विवाह के विरुद्ध समयबद्ध, सघन और प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं और सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।

24 जनवरी से 8 मार्च 2026 तक चलेगा विशेष अभियान
यह अभियान 24 जनवरी 2026 से 08 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न गाँवों, शहरी बस्तियों, स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक स्थलों पर कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इनमें नुक्कड़ नाटक, संवाद सत्र, शपथ कार्यक्रम, परामर्श शिविर, सूचना सामग्री वितरण और जनसंवाद जैसी पहल शामिल होंगी।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, समर्पण सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन पंवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
