मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (Bee-Friendly, Butterfly-Friendly और Bird-Friendly Garden) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कृष्णा वट का पौधा लगाकर उद्यान निर्माण कार्य की शुरुआत की।
यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। उद्यान में ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं जो परागण को बढ़ावा देने के साथ-साथ जैव विविधता को मजबूत बनाने में मदद करेंगे। यहां प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर भी रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक सुंदर उद्यान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इससे मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलेगा और जैव विविधता के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित ने इस परियोजना की योजना तैयार की थी। इसके बाद विभिन्न प्रजातियों के पौधों का चयन कर रोपण कार्य शुरू किया गया। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदंब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी, पुदीना सहित अनेक पौधे लगाए जा रहे हैं, जो पक्षियों, तितलियों और मधुमक्खियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने परिसर में किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए उद्यान विभाग को मधुमक्खी पालन गतिविधियों को और बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
