नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनवरी 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार नगर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में बिजली लाइनों के भूमिगतकरण और सिस्टम को स्वचालित करने के लिए प्रथम चरण में ₹325 करोड़ तथा द्वितीय चरण में लगभग ₹425 करोड़ की स्वीकृति का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से हरिद्वार के घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने और शहरी अवसंरचना के समग्र विकास हेतु सहयोग भी मांगा। इसके साथ ही उन्होंने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मोदीपुरम (मेरठ) से आगे हरिद्वार तक विस्तारित करने तथा देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया।
सीएम धामी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मनोहर लाल खट्टर को उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान से जुड़ा उत्पाद बद्री गाय का घी भेंट किया।
