
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला भाजपा कार्यालय, काशीपुर (ऊधम सिंह नगर) में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणीन्द्रनाथ शर्मा के साथ विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं विस्तारक योजना वर्ग के समापन सत्र में सहभागिता की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत संगठन की कार्ययोजना पर भी मंथन किया गया।
मुख्यमंत्री ने पार्टी की विचारधारा और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के साथ निरंतर संवाद महत्वपूर्ण है। विधानसभा प्रभारी और विस्तारक संगठन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण वर्ग संगठनात्मक कार्यपद्धति को बेहतर बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
