देहरादून: उत्तराखंड में हवाई सेवा से सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई हवाई सेवा का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एयर इंडिया सेवाओं की शुरुआत नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में उत्तराखंड की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह नई हवाई सेवा पर्यटन, व्यापार और निवेश को प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने बीते वर्षों में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। भविष्य में अन्य प्रमुख महानगरों से भी उत्तराखंड को जोड़ने वाली उड़ानों की संख्या में वृद्धि होगी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून से एअर इंडिया एक्सप्रेस सेवाओं की शुरुआत हमारे राज्य में नागरिक उड्डयन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हम एअर इंडिया एक्सप्रेस का स्वागत करते हैं और इस कनेक्टिविटी से हमारे लोगों और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव की उम्मीद करते हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जानकारी दी कि देहरादून-बेंगलुरु की पहली उड़ान देहरादून से 16:30 बजे रवाना हुई और 19:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस लॉन्च के साथ, देहरादून से यात्री बेंगलुरु के माध्यम से चेन्नई, गोवा, कोच्चि, कोझीकोड, मंगलुरु, उत्तरी गोवा, पुणे, रांची, तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली, विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम सहित 18 गंतव्यों के लिए सुविधाजनक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी का लाभ उठा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून और बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा उत्तराखण्ड के युवाओं, उद्यमियों, आईटी प्रोफेशनल्स, छात्रों और पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु देश की तकनीकी राजधानी है और वहां उत्तराखण्ड के हजारों युवा शिक्षा, सेवा और स्टार्टअप क्षेत्रों में कार्यरत हैं। अब उन्हें राज्य आने-जाने के लिए और अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध और सुरक्षित विकल्प मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते वर्षों में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए नीति स्तर से लेकर अधोसंरचना तक कई बड़े फैसले लिए हैं। आज प्रदेश में पिथौरागढ़, चिन्यालीसौड़, गौचर, नैनीसैनी जैसे रीज़नल एयरपोर्ट्स को सक्रिय किया जा रहा है, वहीं जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य तेज़ी से चल रहा है, जो कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम होगा।
