मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जनसमस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है। प्रत्येक अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
गढ़वाल आयुक्त और आईजी को दिए विशेष निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। वहीं जिन प्रकरणों में उच्च स्तर पर निर्णय आवश्यक है, उन्हें बिना विलंब संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
