उत्तरकाशी के धराली में प्रकृति का प्रकोप देखने को मिला। बादल फटने की घटना के बाद बहकर आया सैलाब सब कुछ बहाकर ले गया। धराली में बने होटल और दुकानें मलबे में दब गए। खीरगंगा का पानी और मलबा सब कुछ बहा ले गाया। बादल फटने के बाद सामने आई तस्वीरें झकझोर कर रखने वाली हैं।
इस घटना पर उत्तराखंड के राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (रि) ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं व्यथित करने वाला है। मैं सभी लोगों की सकुशलता की कामना करता हूँ। बाबा केदार से प्रार्थना है कि वे सभी प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करें।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से धराली (उत्तरकाशी) में आई आपदा के बाद चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।
उधर धराली की घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा कि उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
उधर गृह मंत्री अमित शाह ने भी धराली की घटना पर दुख जताया है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि उत्तराखंड के धराली में फ्लैश फ्लड की घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। ITBP की निकटतम 3 टीमों को वहाँ भेज दिया गया है, साथ ही NDRF की 4 टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुँच कर बचाव कार्य में लगेंगी।
धराली बादल फटने की घटना के बाद कितना नुकसान
हादसे में अभी तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि कई लोगों के दबे होने की खबर है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव की खीरगंगा में मंगलवार को अचानक बादल फटने से खीरगंगा में आई बाढ़ ने भयंकर तबाही मचा दी। गांव की ओर बढ़ते सैलाब और मलबे से कई लोग दब गए। पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई, धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया।
बताया जा रहा है कि धराली में करीब 30 से ज्यादा होटल थे, जिनका अब नामो निशान मिट गया है। जानकारों की माने तो एक होटल में करीब 4 से 5 लोगों का स्टाफ मौजूद रहा होगा। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बहुत ज्यादा बढ़ सकता है।
