उत्तराखंड में आफत बनकर बरस रही बारिश ने तबाही मचा रखी है। इधर हरिद्वार में भी बारिश की वजह से तबाही और बर्बादी का मंजर नजर आ रहा है। मनसा देवी मंदिर की पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण रेलवे ट्रैक पर मलबा आ गिरा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसकी तस्वीरें भी कैमरे में कैद की है। जिसमें पहाड़ी से मलबा गिरता है और लोग जान बचाकर भागते नजर आ रहे हैं।
हरिद्वार से देहरादून रेल ट्रैक पर मनसा देवी मंदिर की पहाड़ियों से होकर बनी सुरंग के पास ये लैंडस्लाइड हुआ है। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कोई शख्स चपेट में नहीं आया। अच्छी बात ये भी रही कि उस समय यहां से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। जब तक ये मलबा साफ नहीं हो जाता है तब तक हरिद्वार से आगे ट्रेन का जा पाना मुश्किल हो पाएगा। ना ही देहरादून और ऋषिकेश से ट्रेन हरिद्वार आ पाएगी।
