22 अप्रैल से केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हो चुकी है। ऐसे में श्रद्धालुओं का हुजूम केदारनाथ धाम में उमड़ रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
केदारनाथ धाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहा है मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के बाद व्यवस्थाओं को लेकर जमीनी स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है और इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं जिससे यह साफ संदेश जा रहा है कि इस बार यात्रा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेली सेवाओं के संचालन, यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हेली सेवा पूरी तरह व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संचालित हो ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा मानकों को लेकर भी सख्ती बरतने को कहा ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हेलीपैड पर जिलाधिकारी के पहुंचने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने उनसे सीधे बातचीत कर अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। जिलाधिकारी ने भी पूरी आत्मीयता के साथ श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित किया और उनसे हेली सेवा, दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया इस दौरान अधिकांश श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से मिल रहे फीडबैक को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और उसी के आधार पर व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े
