उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 71 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज।
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत तेजी से काम जारी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक गणना पत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जाना है। प्रदेश में कुल 79,60,762 मतदाताओं में से अब तक 71,16,650 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
मुख्य बिंदु
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान जारी।
79.60 लाख मतदाताओं में से 71.16 लाख के फॉर्म डिजिटाइज
8.41 लाख मतदाता ‘अनकलेक्टेड श्रेणी’ में शामिल
14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची होगी प्रकाशित
13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज करने का मौका
15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी
प्रदेश के 11,733 बूथों पर 23,102 बीएलए नियुक्त
8.41 लाख मतदाता ‘अनकलेक्टेड श्रेणी’ में
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 8,41,020 मतदाता फिलहाल ‘अनकलेक्टेड श्रेणी’ में शामिल हैं। इनमें 8,351 अन्य कारणों से अनकलेक्टेड श्रेणी में शामिल हैं। 1,24,278 मृत मतदाता, 4,79,762 स्थायी रूप से स्थानांतरित (शिफ्ट), 61,888 पहले से पंजीकृत और 1,66,741 अनुपस्थित हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 79,57,670 मतदाताओं का डेटा और फॉर्म डिजिटाइज किया जा चुका है।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी जोगदंडे ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से एसआईआर अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 23,102 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं।
किस दल ने कितने BLA नियुक्त किए?
- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) – 11,504
- कांग्रेस – 11,105
- सीपीआई (एम) – 378
- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) – 115
- आम आदमी पार्टी (AAP) – 0 (एक भी BLA नियुक्त नहीं किया)
