मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के चौथे दिन शनिवार को राज्य की विभिन्न न्याय पंचायतों में शिविरों का आयोजन कर हजारों ग्रामीणों को जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं से लाभान्वित किया गया। उत्तरकाशी जिले के हिमाचल से सटे आराकोट से लेकर सीमांत पिथौरागढ़ जिले तक अनेक दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए गए।
अभियान के तहत अब तक 15 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा चुका है, जबकि 4 हजार से अधिक जन शिकायतों का निस्तारण किया गया है।
चंपावत और अल्मोड़ा में बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर निस्तारण
चंपावत जिले में चौड़ीराय और खर्ककार्की में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। लोहाघाट ब्लॉक की न्याय पंचायत भुमलाई अंतर्गत चौड़ीराय में आयोजित शिविर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों से संवाद किया। यहां 557 से अधिक प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 450 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
अल्मोड़ा जिले की न्याय पंचायत लिंगुड़ता और बासोट में आयोजित शिविरों में कुल 1476 ग्रामीण लाभान्वित हुए। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में लिंगुड़ता में 858 और बासोट में 618 नागरिकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी प्रभावी शिविर
नैनीताल जिले के विकास खंड बेतालघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 340 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए। शिविर में 75 जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 55 का मौके पर ही समाधान किया गया।
बागेश्वर जिले की न्याय पंचायत देवलधार और गुरना में आयोजित शिविरों में 800 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
पिथौरागढ़ जिले में चार न्याय पंचायतों में अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में पंचायतघर मलान में आयोजित शिविर में लगभग 700 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं से लाभान्वित किया गया।
ऊधमसिंहनगर और उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
ऊधमसिंहनगर जिले के गदरपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत बराखेड़ा में आयोजित शिविर में 673 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 490 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न विभागों से जुड़ी 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26 का मौके पर निस्तारण किया गया।
उत्तरकाशी जिले के सुदूरवर्ती विकास खंड मोरी के आराकोट में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 800 से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 126 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
